Last Updated on September 4, 2026 by अनुपम श्रीवास्तव
क्या आप जानते हैं कि रेल के जैसे ही हवाई जहाज में कई क्लास होते हैं और उसी के हिसाब से ही आपसे किराया वसूला जाता है।
अधिकतर लोग हवाई जहाज के economy class के बारे में ही जानते होंगे क्योंकि अक्सर हम लोग उसी श्रेणी में यात्रा करते हैं।
वैसे भी सस्ती हवाई टिकट खोजते समय हम में से अधिकतर लोग सबसे पहले Economy का किराया ही देखते हैं।
लेकिन यहाँ यह मान लेना सही नहीं है कि कम किराए वाली हर airline में केवल Economy ही होगी।
आज कुछ airlines ने अलग premium seats और Business cabin भी शुरू कर दिए हैं, इसलिए booking करते समय केवल नाम देखकर नहीं बल्कि वास्तव में क्या मिल रहा है यह देखना ज्यादा जरूरी हो गया है।
मैंने देश-विदेश में ढेरों हवाई यात्राएं की हैं और कई तरह के flight class में ट्रेवल किया है और आज आपके साथ अपना अनुभव साझा करने जा रहा हूँ |
तो आज के इस लेख में हम बात करने वाले हैं की फ्लाइट में कितने क्लास होते हैं, उनमें क्या क्या सुविधा मिलती है और सबसे बढ़िया श्रेणी कौन सी होती है?
साथ ही यह भी समझेंगे कि Economy, Premium Economy, Business और First में असली फर्क क्या है, extra legroom वाली सीट को Premium Economy क्यों नहीं समझना चाहिए और किस तरह की यात्रा में ज्यादा पैसे देना वाकई काम का हो सकता है।
एक जरूरी बात: airline की सुविधा, baggage, खाना, lounge, seat और cabin विमान तथा route के हिसाब से बदल सकते हैं। इसलिए किसी भी महंगे upgrade को लेने से पहले अपनी flight की आधिकारिक जानकारी जरूर देख लें।
फ्लाइट में कितने क्लास होते हैं?
जो लोग हवाई जहाज में पहली बार यात्रा करने जा रहे हैं उनके लिए ये जानना काफी आवश्यक है कि कितने तरह के flight class होते हैं और सबसे बेहतर कौन सा है|
हवाई यात्रा का किराया वैसे ही रेल की अपेक्षा महंगा होता है पर अलग अलग केबिन क्लास का चुनाव भी आपके बजट पर असर डाल सकता है |
आमतौर पर flight में चार मुख्य cabin class देखने को मिलती हैं।
Economy, Premium Economy, Business और First Class।
पर यहां एक बात ध्यान रखें कि हर flight में चारों class नहीं होतीं।
किसी विमान में केवल Economy हो सकती है, किसी में Economy के साथ Business और किसी में Economy, Premium Economy और Business तीनों मिल सकती हैं।
First Class तो बहुत कम विमान और चुनिंदा routes पर ही मिलती है।
यही कारण है कि केवल airline का नाम देखकर यह तय नहीं किया जा सकता कि आपकी flight में कौन सी class होगी। उसी airline के दो अलग विमान में भी cabin अलग हो सकता है।
Cabin Class, Fare और Seat में क्या फर्क है?

1. इकोनॉमी क्लास | Economy Class
क्या आप जानते हैं कि फ्लाइट में economy क्या होता है?
देखिये, economy class का मतलब होता है किफायती वर्ग जिसे स्टैंडर्ड क्लास भी कहा जाता है क्योंकि यह सभी तरह की एयरलाइंस में पाया जाता है और सबसे सस्ता भी होता है।
इस cabin में आमतौर पर सबसे ज्यादा सीटें होती हैं और अधिकतर यात्रियों के लिए यही सबसे काम का विकल्प होता है।
लेकिन Economy का टिकट भी हमेशा एक जैसा नहीं होता, क्योंकि airline उसी cabin के अंदर अलग अलग fare बेच सकती है।
Basic Economy या सस्ता Economy fare क्या होता है?

बेसिक इकोनॉमी में भी seat सामान्य Economy जैसी ही हो सकती है, फर्क अक्सर टिकट के नियमों और साथ मिलने वाली सुविधाओं में होता है।
किसी fare में date change महंगा हो सकता है, किसी में free seat selection नहीं होगी, कहीं meal अलग से खरीदना पड़ेगा और baggage की शर्त भी अलग हो सकती है।
अगर आप कम सामान के साथ जा रहे हैं, यात्रा बिल्कुल तय है और ticket के नियम आपको ठीक लग रहे हैं तब सस्ता fare आपके पैसे बचा सकता है।
हालांकि इसमें काफी सारी सुविधाएं नहीं मिलती पर यात्रा करने के लिए सीट तो मिलती ही है।
लेकिन यहां पर एक बात ध्यान रखें कि अगर आपने एक बार बेसिक इकोनामी का टिकट ले लिया और बाद में अतिरिक्त सुविधाओं के लिए पैसे देने चाहे तो टिकट की फाइनल कीमत इकोनॉमी की टिकट से भी अधिक हो सकती है।
यही कारण है कि booking से पहले केवल सबसे छोटा दाम देखकर खुश न हों।
Seat, baggage, खाना, cancellation और date change में क्या मिल रहा है यह भी देख लें।
कई बार दो fares में अंतर बहुत कम होता है और थोड़ा ज्यादा देकर मिलने वाली सुविधा बाद में ज्यादा काम आती है।
सामान्य Economy में क्या मिलता है?
भले ही आप किसी भी प्रकार के airline कंपनी से उड़ान भर रहे हो पर लगभग सभी में Economy का मूल काम एक ही है, कम खर्च में आपको आपकी मंजिल तक पहुंचाना।
हाँ..आराम और सुविधाओं में फर्क जरूर हो सकता है।
अपने अनुभव में मैंने IndiGo, Go Air, SpiceJet, Air India, Vistara, Emirates, British Airways, Qatar Airways, Oman Air, Etihad और Kuwait Airways जैसी अलग अलग airlines में Economy देखी है।
Budget airlines में कई बार मुझे legroom कम महसूस हुआ, जबकि Air India, Emirates और British Airways जैसी flights में seat और जगह बेहतर लगी।
यह मेरा खुद का यात्रा अनुभव है, कोई हमेशा लागू होने वाला नियम नहीं है क्योंकि विमान बदलते ही seat भी बदल सकती है।
यहां Vistara का जिक्र मेरे पुराने यात्रा अनुभव के तौर पर है। Vistara का Air India में merger 12 नवंबर 2024 को पूरा हो चुका है और पुराने Vistara विमान अब Air India के अंतर्गत उड़ते हैं।
आपको Economy में खाना मिलेगा या नहीं, seat मुफ्त चुन पाएंगे या नहीं और entertainment screen होगी या नहीं, यह airline, fare, route और विमान पर निर्भर करता है।
उदाहरण के लिए Air India में Economy के कुछ fares में complimentary meal शामिल है जबकि Basic fare पर meal अलग से खरीदना पड़ सकता है।
आमतौर पर आगे की row और exit row में legroom ज्यादा हो सकता है और airline इनके लिए अलग पैसा ले सकती है।
लेकिन केवल ज्यादा legroom मिलने से seat Premium Economy नहीं बन जाती। यही फर्क हम आगे समझते हैं।

उदहारण के लिए आप ऊपर दी गयी फोटो देखें जो कुवैत एयरवेज की फ्लाइट का है और इसमें इकोनॉमी क्लास फ्लाइट में भी एंटरटेनमेंट स्क्रीन दिया गया है |
2. प्रीमियम इकोनॉमी | Premium Economy

Premium Economy को आप Economy और Business के बीच की कड़ी समझ सकते हैं।
इसमें Economy से ज्यादा जगह और कुछ अतिरिक्त सुविधाएं मिलती हैं, लेकिन किराया Business जितना नहीं होता है।
ऊपर के स्क्रीन शॉट में आप एयर इंडिया के इकॉनमी, प्रीमियम इकॉनमी और बिज़नस क्लास के बीच किराये का अंतर देख सकते हैं |
सबसे जरूरी बात यह है कि असली Premium Economy एक अलग cabin ही होता है।
Plane की आगे वाली extra legroom seat या पहली दो rows को अपने आप Premium Economy नहीं कहा जा सकता है।
Air India अब कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय routes पर अलग Premium Economy cabin देता है जिसमें extra legroom, ज्यादा recline, priority check in और boarding जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं।
कुछ international flights में amenity kit और दूसरी सुविधाएं भी मिलती हैं। कौन सी सुविधा किसमे मिलेगी यह आपकी flight पर निर्भर करेगा।
Premium Economy में Economy से क्या फर्क मिलता है?
सबसे पहले तो seat और legroom का फर्क महसूस होता है।
यहाँ Seat कुछ चौड़ी हो सकती है, पीछे ज्यादा झुक सकती है और पैरों के लिए जगह बढ़ सकती है।
इसके अलावा priority check in, boarding, baggage handling या बेहतर meal जैसी सुविधाएं airline के हिसाब से भी मिल सकती हैं।
लेकिन यहां भी हर सुविधा को पक्का मान लेना ठीक नहीं है।
एक airline की Premium Economy दूसरी airline से बिल्कुल अलग हो सकती है और उसी airline में domestic तथा long international flight का अनुभव भी अलग हो सकता है।
Premium Economy के extra पैसे कब देना ठीक है?
अब असली सवाल यही है। अगर Economy का ticket आपके सामने है और उसके पास ही Premium Economy का option चमक रहा है, तो क्या तुरंत upgrade कर लें?
भई, इतनी तेजी भी ठीक नहीं है।
अगर flight केवल एक या दो घंटे की है और upgrade के लिए काफी ज्यादा पैसा देना पड़ रहा है तब केवल थोड़ी बड़ी seat के लिए यह जरूरी नहीं कि सौदा अच्छा ही हो। ऐसा मेरा मानना है |
हां, अगर कीमत का अंतर कम है, आपकी height ज्यादा है, आपको legroom की जरूरत है या priority service आपके काम की है तब बात अलग है।
चार से छह घंटे की flight में extra space की जरूरत ज्यादा महसूस होने लगती है और लंबी international या रात की flight में Premium Economy का फायदा और अधिक बढ़ जाता है।
आठ दस घंटे एक तंग seat में बैठने के बाद कुछ extra inch की जगह भी सुखदायक लगने लगती है, इसलिए लंबी flight में केवल किराया नहीं बल्कि comfort भी देखना चाहिए।
मेरे हिसाब से इसका आसान नियम है कि पहले flight का समय देखें, फिर upgrade की कीमत देखें और उसके बाद यह देखें कि उस विमान में Premium Economy में वास्तव में क्या मिल रहा है।
केवल Premium शब्द देखकर पैसा देना जरूरी नहीं है।
क्या Extra Legroom Seat और Premium Economy एक ही होती है?
नहीं। Extra legroom का मतलब केवल इतना हो सकता है कि उस seat के आगे पैरों के लिए ज्यादा जगह है।
हो सकता है seat की चौड़ाई, खाना, service और cabin बाकी के सब Economy जैसी ही रहे।
IndiGo इसका एक अच्छा उदाहरण है।
IndiGo में आगे की कुछ सीटों को UpFront कहा जाता है, जिनमें आम Economy सीटों के मुकाबले थोड़ी ज्यादा जगह और कुछ अतिरिक्त सुविधाएं मिलती हैं। लेकिन यह Premium Economy नहीं है।
वहीं IndiGoStretch अलग Business Class है, इसलिए केवल ज्यादा legroom वाली सीट देखकर यह मत समझ लीजिए कि आप Premium Economy में बैठने वाले हैं।
3. बिजनेस क्लास | Business Class
ऐसा नहीं है कि आप बिजनेस श्रेणी में यात्रा नहीं कर सकते….बिल्कुल कर सकते हैं और मैंने भी कई बार की है पर यह इकोनॉमी क्लास फ्लाइट से काफी महंगा होता है।
Business Class अपने बेहतर आराम और service के लिए जाना जाता है।
इसमें seat बड़ी हो सकती है, legroom ज्यादा मिलता है और airport पर priority check in, boarding, lounge या ज्यादा baggage जैसी सुविधा airline के हिसाब से मिल सकती है।
पहले भारत की budget airlines में Business cabin लगभग नहीं दिखती थी, लेकिन अब यह बात पूरी तरह सही नहीं है।
IndiGo आज IndiGoStretch नाम से Business cabin देता है जिसमें चौड़ी seat, ज्यादा recline, hot meal, priority check in और दूसरी सुविधाएं शामिल हो सकती हैं।
क्या हर Business Class seat bed बन जाती है?
नहीं। यह एक बहुत आम उलझन है।
छोटी घरेलू flight की Business seat केवल बड़ी और ज्यादा recline वाली हो सकती है, जबकि कई लंबी दूरी की flights में seat पूरी तरह flat होकर bed बन जाती है।
इसलिए अगर आपका मकसद लंबी रात की flight में सोना है तो केवल Business लिखा देखकर booking न करें।
विमान और seat का प्रकार भी जरूर देखें।
बिजनेस क्लास फ्लाइट में क्या क्या सुविधा मिलती है?
अपनी यात्रा के दौरान मैंने पाया की भारत में जो अधिकतर बिजनेस क्लास है वह उनमें केवल सीटिंग अरेंजमेंट यानि बैठने के लिए ही होता है जो काफी आरामदायक होता है।
वहीं कई लंबी international flights में Business का अनुभव बिल्कुल अलग हो सकता है और seat flat bed में बदल सकती है।
उदाहरण के लिए मैंने London से Mumbai की यात्रा के दौरान Virgin Atlantic का Business cabin इस्तेमाल किया था और उसकी तस्वीर भी नीचे है।

Business में खाना आमतौर पर Economy से अलग तरीके से दिया जाता है और कई airlines menu से विकल्प चुनने देती हैं।
लंबी दूरी की flight में amenity kit भी मिल सकती है जिसमें आंखों का mask, socks, toothbrush जैसी यात्रा में काम आने वाली चीजें रहती हैं।
Lounge, priority boarding, ज्यादा baggage और दूसरी सुविधाएं भी मिल सकती हैं, लेकिन यह हर Business ticket में एक जैसी नहीं होतीं।
इसलिए खासकर सस्ता Business fare या upgrade offer लेते समय शामिल सुविधाएं जरूर पढ़ लें।
Business Class के extra पैसे कब काम के हैं?
एक डेढ़ घंटे की घरेलू flight में Business Class लेना जरूरी तो बिल्कुल नहीं है, यहां बात जरूरत से ज्यादा आराम की होती है।
हां, अगर बहुत कम पैसे में आपको upgrade मिल रहा हो या फिर आपका मन हो कि एक बार Business Class का अनुभव भी लेकर देखा जाए, तब बात अलग है।
लेकिन यही flight अगर आठ दस घंटे की हो और वह भी रात की, तब मामला काफी बदल जाता है।
ऐसी लंबी यात्रा में अगर seat पूरी तरह bed बन जाती है और आप ठीक से सो पाते हैं तो उसका फायदा अगले दिन समझ में आता है, खासकर तब जब पहुंचते ही आपको काम पर लगना हो या आगे की यात्रा करनी हो।
इसके अलावा lounge, जल्दी check-in, priority boarding और दूसरी सुविधाएं भी लंबी यात्रा में काम आती हैं, लेकिन इनके लिए कितना extra पैसा देना ठीक रहेगा इसका कोई एक हिसाब नहीं है।
आखिर टिकट के पैसे भी आपके हैं और दस घंटे सीट पर बैठने वाली कमर भी आपकी ही है, इसलिए अपनी जरूरत और किराए का अंतर देखकर ही फैसला करें।
4. प्रथम श्रेणी | First Class
आमतौर पर अक्सर ही लोग फर्स्ट और बिजनेस क्लास को एक जैसा ही समझते हैं पर मेरे हिसाब से इन दोनों में भी काफी अंतर है।
सबसे पहली बात तो यह है कि First Class बहुत कम flights और चुनिंदा routes पर ही मिलती है।
आज Air India की कुछ Boeing 777 flights में First Class suite उपलब्ध है और Emirates जैसी airlines भी चुनिंदा A380 तथा Boeing 777 विमान में First Class देती हैं।
अगर किसी फ्लाइट में फर्स्ट और बिजनेस दोनों है तो यहाँ फर्स्ट क्लास को एक कदम ऊपर माना जाएगा |
First Class में बाकी क्लास के मुकाबले ज्यादा जगह और privacy मिलती है।
कुछ airlines में इसकी seat पूरी तरह bed बन जाती है और कई जगह अलग से बंद cabin या suite भी मिलता है।
इसमें खाना, service और airport पर मिलने वाली सुविधाएं भी आम तौर पर Business Class से बेहतर होती हैं।
लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है कि हर airline की First Class एक जैसी नहीं होती है।
कहीं बहुत शानदार private suite मिलता है तो कहीं इसकी सुविधाएं थोड़ी कम भी हो सकती हैं, इसलिए केवल First Class नाम देखकर यह मान लेना सही नहीं होगा कि हर जगह आपको shower, chauffeur या पूरी तरह बंद कमरा ही मिलेगा।
जैसे Emirates की कुछ First Class flights में private suite, chauffeur service, lounge और A380 विमान में shower जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।
अब यह सुनकर अगर आपको लग रहा है कि First Class में नहाते हुए भी सफर किया जा सकता है तो हां, कुछ flights में ऐसा भी है, लेकिन यह सुविधा हर airline या हर विमान में नहीं मिलती।
First Class का किराया भी बाकी सभी class से काफी ज्यादा होता है और मेरे हिसाब से सामान्य यात्रा के लिए इसकी जरूरत बहुत कम लोगों को पड़ेगी।
फिर भी Business और First Class में क्या अंतर है यह समझना जरूरी है क्योंकि दोनों देखने में काफी premium लगते हैं, लेकिन सुविधा और किराए में इनके बीच काफी फर्क हो सकता है।
Economy, Premium Economy, Business और First में मुख्य फर्क
Class | Seat और जगह | Airport सुविधा | किराया | किसके लिए ठीक |
Economy | सामान्य seat और कम से सामान्य legroom | Fare के हिसाब से | सबसे कम | कम खर्च की यात्रा |
Premium Economy | Economy से ज्यादा जगह और recline | कुछ priority सुविधा | Economy से ज्यादा | लंबी flight या extra comfort |
Business | बड़ी seat, कुछ routes पर flat bed | Priority, lounge आदि हो सकते हैं | काफी ज्यादा | लंबी यात्रा, नींद, काम और comfort |
First | सबसे private और बेहतरीन सुविधा वाला cabin | सबसे ज्यादा premium service | आमतौर पर सबसे ज्यादा | बहुत ज्यादा comfort और privacy |
आखिर कौन सा Flight Class बुक करें?
अब चारों classes आपके समझ में आ गईं तो अगला सवाल यही है कि अपने लिए कौन सी क्लास चुनें।
मेरा मानना है कि flight class चुनते समय सिर्फ यह मत देखिए कि कौन सा class सबसे अच्छा है, बल्कि यह देखिए कि आपकी flight कितनी लंबी है, दिन की है या रात की, ज्यादा आराम आपके लिए कितना जरूरी है और उसके लिए आपको कितना extra पैसा देना पड़ रहा है।
अगर आपकी flight सिर्फ एक या दो घंटे की है तो ज्यादातर मामलों में Economy ही काफी है। इतनी छोटी flight में Premium Economy या Business Class पर ज्यादा पैसा खर्च करना तभी सही लगेगा जब upgrade बहुत सस्ता मिल रहा हो या आपको ज्यादा legroom की सच में जरूरत हो।
चार से छह घंटे की flight में मामला थोड़ा बदल जाता है क्योंकि लगातार कई घंटे एक ही seat पर बैठना पड़ता है। ऐसे में Economy और Premium Economy के किराए में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है तो Premium Economy पर जरूर विचार कर सकते हैं।
अगर flight आठ दस घंटे या उससे भी लंबी है, खासकर रात की flight, तो seat और legroom की अहमियत काफी बढ़ जाती है। ऐसी flight में Premium Economy मुझे एक अच्छा बीच का रास्ता लगता है क्योंकि Economy से ज्यादा आराम मिलता है और Business Class जितना पैसा भी नहीं देना पड़ता।
अगर budget अनुमति देता है और Business Class में flat bed वाली seat मिल रही है तो रात की लंबी flight में इसका आराम अलग ही होता है।
और अगर आपकी परेशानी केवल इतनी है कि पैर रखने के लिए थोड़ी ज्यादा जगह चाहिए तो पहले extra legroom seat का किराया जरूर देख लें। सिर्फ legroom के लिए पूरा cabin upgrade करना हर बार जरूरी नहीं होता।
कुल मिलाकर मैं booking करते समय पहले अपनी जरूरत देखता हूं और उसके बाद किराए का अंतर।
कई बार लंबी flight में ₹1000 या ₹2000 extra देकर थोड़ा ज्यादा आराम लेना मुझे बिल्कुल सही लगता है और कई बार दो घंटे की flight में वही ₹2000 destination पर अच्छे खाने, घूमने या किसी और काम में खर्च करना ज्यादा खुशी देता है।
Flight बुक करने से पहले ये बातें जरूर देखें
Flight ticket book करते समय केवल Economy, Premium Economy या Business लिखा देखकर फैसला मत कीजिए। थोड़ा नीचे जाकर यह भी देख लें कि उस किराए में आपको असल में क्या मिल रहा है।
सबसे पहले यह देखें कि आपकी flight में कौन सा aircraft चलने वाला है। Airbus A321, Boeing 787 या कोई दूसरा aircraft होने से seat और अंदर की सुविधाओं में काफी फर्क पड़ सकता है। एक ही airline के अलग अलग aircraft में भी seat और cabin अलग हो सकते हैं।
कई बार booking के बाद aircraft बदल भी जाता है, इसलिए केवल फोटो देखकर ही बहुत ज्यादा उम्मीद लगाना ठीक नहीं है।
Ticket लेते समय baggage कितना मिलेगा, खाना शामिल है या नहीं, अपनी पसंद की seat चुनने के पैसे लगेंगे या नहीं और ticket cancel या date change करने पर क्या नियम हैं, यह जरूर पढ़ लें। कई बार सस्ता दिख रहा ticket बाद में baggage और seat जोड़ते जोड़ते उतना सस्ता नहीं रह जाता है।
Premium Economy लेते समय यह भी देख लें कि वह सच में अलग cabin है या केवल थोड़ी ज्यादा legroom वाली seat दी जा रही है। दोनों चीजों में फर्क है।
अगर Business Class ले रहे हैं तो यह मानकर मत चलिए कि seat पूरी flat होकर bed बन ही जाएगी। खासकर छोटी domestic flight में Business Class की seat केवल बड़ी और ज्यादा आरामदायक seat भी हो सकती है।
इसी तरह Business Class लिखा है तो lounge अपने आप free मिलेगा, यह भी जरूरी नहीं है। Lounge, priority check in, ज्यादा baggage और दूसरी सुविधाएं airline, route और आपके fare के हिसाब से बदल सकती हैं।
सबसे आखिर में यही देखिए कि extra पैसे देकर जो सुविधा मिल रही है वह आपकी यात्रा में सच में काम आएगी या केवल booking screen पर ही अच्छी दिखाई दे रही है।
शुभ यात्रा

Flight Class से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
फ्लाइट में कितने क्लास होते हैं?
इकोनॉमी, प्रीमियम इकोनॉमी, बिज़नस और फर्स्ट क्लास। लेकिन हर flight में चारों class का होना जरूरी नहीं है।
क्या हर फ्लाइट में चारों class होती हैं?
नहीं। Cabin का प्रकार विमान और route पर निर्भर करता है। कई flights में केवल Economy होती है, कुछ में Economy और Business और कुछ में तीन या चार cabin भी मिल सकता हैं।
Economy Class क्या होता है?
यह आमतौर पर flight का सबसे किफायती cabin होता है जिसमें सबसे ज्यादा seats रहती हैं। Seat, meal और baggage जैसी सुविधा airline और fare के हिसाब से बदलती है।
Basic Economy क्या अलग cabin class है?
अधिकतर मामलों में नहीं। Basic अक्सर Economy के अंदर सस्ता fare होता है जिसमें ticket change, seat selection, meal या baggage पर ज्यादा restrictions हो सकती हैं।
Cabin Class और Fare में क्या फर्क है?
Economy, Premium Economy, Business और First cabin class हैं। Basic, Saver, Value, Classic या Flex जैसे नाम ticket के fare और उसके नियम बता सकते हैं।
Premium Economy क्या होता है?
यह Economy से ज्यादा आराम देने वाला अलग cabin हो सकता है जिसमें ज्यादा legroom, बेहतर seat और कुछ priority सुविधा मिलती है। कौन सी सुविधा आपको मिलेगी यह विमान कंपनी और विमान के प्रकार पर निर्भर करता है।
क्या Premium Economy के लिए extra पैसा देना ठीक है?
छोटी flight में तभी जब price difference कम हो या आपको extra legroom की जरूरत हो। लंबी और रात की flight में इसका फायदा ज्यादा महसूस हो सकता है।
Extra legroom seat और Premium Economy एक ही हैं?
नहीं। Extra legroom केवल seat की जगह बढ़ा सकती है जबकि असली Premium Economy अलग cabin और अलग service दे सकती है।
IndiGo UpFront और IndiGoStretch में क्या फर्क है?
UpFront Economy cabin की आगे वाली extra legroom seats और उससे जुड़ा हुआ fare है। IndiGoStretch एक अलग Business cabin है जिसमें चौड़ी seat और दूसरी premium सुविधाएं मिलती हैं।
इकोनॉमी क्लास और बिजनेस क्लास में क्या अंतर है?
Business का किराया ज्यादा होता है और इसमें Economy के मुकाबले बड़ी seat, ज्यादा legroom, priority service, lounge या ज्यादा baggage जैसी सुविधा मिल सकती है। कौन सी सुविधा मिलेगी यह airline और fare पर निर्भर करता है।
क्या हर Business Class seat bed बन जाती है?
नहीं। कई छोटी दूरी की Business seats recliner होती हैं। Fully flat bed आमतौर पर कुछ लंबी दूरी के विमान में मिलता है, इसलिए booking से पहले seat जरूर देखें।
क्या Business Class में lounge हमेशा मिलता है?
नहीं। कई पूरी सुविधाओं वाले Business fares में lounge मिलता है लेकिन हर airline, fare या airport पर इसे पक्का न मानें। अपने ticket की पूरी सुविधा check करें।
प्लेन में Business Class की सीटें कहां होती हैं?
अधिकतर विमान में Business cabin Economy के आगे होता है, लेकिन exact layout विमान के हिसाब से बदल सकता है।
Premium Economy और Business में कौन बेहतर है?
आराम में Business बेहतर हो सकता है, खासकर flat bed वाली सीट लंबी दूरी की flight में। Budget और value की बात करें तो कई यात्रियों के लिए Premium Economy एक अच्छा बीच का विकल्प बन सकता है।
Business और First Class में क्या फर्क है?
First आमतौर पर Business से ऊपर का cabin होता है जिसमें ज्यादा privacy और premium service मिल सकती है। लेकिन दोनों क्लास airline कंपनी और विमान के प्रकार के अनुसार बदल सकता है।
फ्लाइट में सबसे ऊंची class कौन सी है?
जहां उपलब्ध हो वहां First Class ही सबसे ऊंची cabin मानी जाती है। कई airlines में First होती ही नहीं और वहां Business ही सबसे ऊपर की cabin होती है।
क्या सभी flights में Business Class रहता है?
नहीं। यह airline कंपनी, विमान के प्रकार और route पर निर्भर करता है। हालांकि अब IndiGo जैसी airline भी चुनिंदा विमान और routes पर IndiGoStretch Business cabin देती है।
क्या international flight की Economy seat हमेशा बड़ी होती है?
नहीं। International लिखे होने से seat अपने आप बड़ी नहीं हो जाती। Seat का size और legroom विमान तथा airline configuration पर निर्भर करता है।
क्या ticket booking के बाद cabin upgrade किया जा सकता है?
कई airlines availability होने पर बाद में paid upgrade offer देती हैं। यह app, website, email, check in या airport पर मिल सकता है, लेकिन price और availability निश्चित नहीं होती।
Vistara अब क्यों नहीं दिखाई देती?
Vistara का Air India में merger 12 नवंबर 2024 को पूरा हो चुका है। पुराने Vistara विमान अब Air India के अंतर्गत operate होते हैं और कुछ flights को AI 2XXX code से पहचाना जा सकता है।
Plane में कितनी seats होती हैं?
इसका एक fixed जवाब नहीं है। विमान model और airline की cabin configuration के हिसाब से seat की संख्या में बदलाव संभव हैं। उसी विमान model में भी दो airlines अलग संख्या की seats लगा सकती हैं।
IndiGo या Air India की flight में कितनी seats होती हैं?
इन airlines के पास कई विमान और कई cabin configurations हैं, इसलिए एक संख्या बताना सही नहीं होगा। अपनी flight की seat map या airline की आधिकारिक fleet information देखें।




