VGP Snow Kingdom में बर्फ़बारी का मजा [एक यात्रावृतांत]

चेन्नई में snowfall (बर्फ़बारी)?

जी हाँ ! 

सुनने में ज़रूर थोड़ा अजीब सा लग रहा होगा पर यह सही है अगर हम Chennai के VGP snow kingdom में हों तब |

स्नो किंगडम भारत का सबसे बड़ा और तमिलनाडु का पहला और एकमात्र इनडोर स्नो थीम पार्क है जहाँ आपको  वास्तविक  बर्फबारी का शानदार अनुभव मिलता है|

चेन्नई का यह स्नो पार्क करीब 14,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है जहाँ सभी ओर केवल बर्फ ही बर्फ नज़र आती है |

चाहे तो आप यहाँ टब में बैठ कर एक ऊंची बर्फीली फिसलपट्टी से नीचे आयें या किसी इग्लू में छुप जाएँ पर सबसे अधिक मज़ा तो बर्फ के गोले बना कर एक दूसरे पर फेंकने में ही है |

आप शायद कल्पना नहीं कर सकते हैं कि परिवार के साथ बिताया गया एक घंटे का समय आपको  जीवन भर याद  रह जायेगा  |

हमारी चेन्नई यात्रा के दौरान हमने कुछ समय VGP snow kingdom के लिए बचा कर रखे थे और यकीन मानिये यहाँ पर आना एक अनोखा एक्सपीरियंस था |

क्या आप जानना चाहेंगे कि स्नो किंगडम की यात्रा कैसे करें, टिकट का दाम कितना है, समय कितना लगता है और ज़रूरी यात्रा टिप्स क्या हैं ?

तो आइये हमारे साथ इस ठिठुरते हुए सफ़र पर और जानिये वो सभी जानकारियां जिससे आपकी चेन्नई यात्रा बेहतरीन हो जाये |

 

वीजीपी स्नो किंगडम कहाँ पर है?वी.जी.पी. गोल्डन बीच, इंजमबक्कम, ईस्ट कोस्ट रोड (ईसीआर) चेन्नई, तमिलनाडु 
स्नो किंगडम चेन्नई शहर से कितना दूर है?22 किलोमीटर 
चेन्नई घूमने के लिए बेहतरीन मौसम कौन सा है?अक्टूबर से मार्च 
वीजीपी स्नो किंगडम के लिए बेहतरीन रूट कौन सा है? महाबलीपुरम जाते या आते समय यहाँ आना बेहतर होगा 
Snow Park में कुल कितना समय चाहिए? 1.5 – 2.5 घंटे 
चेन्नई स्नो पार्क का समय क्या है ?सुबह 10 से रात 8 बजे तक | हर दिन आखिरी प्रवेश शाम 7 बजे होता  है |
क्या स्नो किंगडम के अन्दर जाने के लिए गर्म कपड़े मिलते हैं? बर्फ में पहनने वाले कपड़े (मोजे, जूते, जर्किन और दस्ताने) मिलते हैं जिन्हें उपयोग के बाद लौटाना पड़ता है | 
कितने देर तक स्नो पार्क के अन्दर रहने दिया जाता है? कुल 1 घंटे जिसमें 15 मिनट का समय आपको ठण्ड के अनुकूल होने के लिए दिया जाता है |
VGP Snow Kingdom ticket price 2023600 रु (2-11  साल तक), 650 (11 साल से ऊपर)
VGP Snow Kingdom Chennai Online ticket bookingचेन्नई स्थित स्नो किंगडम के लिए ऑनलाइन टिकट यहाँ से बुक करें |

स्नो किंगडम, चेन्नई यात्रावृतांत | VGP Snow Kingdom Chennai Travelogue

स्नो किंगडम, चेन्नई

महाबलीपुरम से वापसी 

वीजीपी स्नो किंगडम जाने के लिए हमने शाम 06:00 का स्लॉट बुक किया था क्योंकि सुबह हमें महाबलीपुरम जो जाना था |

आपको बताना चाहूँगा यदि आप चेन्नई के लोकल नहीं हैं और यहाँ केवल घूमने के लिए आये हैं तब बेहतर होगा कि आप पहले से ही स्नो किंगडम का टिकट बुक कर लें |

इसका  फायदा यह होगा कि कई बार अधिक भीड़ भाड़ हो जाने की दशा में आपको अधिक इंतज़ार नहीं करना होगा और आप सीधे ही अन्दर जा पाएंगे |

जब हम लोग यहाँ पहुंचे तब लगभग साधे पांच हो रहे थे |

सामने घुसते  ही एक काउंटर था जहाँ अंदर जाने से पूर्व ज़रूरी शीत रोधक वस्तुएँ (snow gear) जैसे कोट, दस्ताने और जूते इत्यादि लेने थे |

ध्यान देने वाली बात यह है कि इसके लिए  अलग से कोई शुल्क नहीं देना  था पर काउंटर पर खड़े व्यक्ति ने हमें बताया कि यदि कोई 90 सेमी ऊंचाई से कम का बच्चा है तब आपको अलग से 150 रु देने होंगे |

मेरे साथ में मेरा बालक था जिसकी उम्र 4 साल से ऊपर थी सो इसके लिए कोई परेशानी नहीं थी |

सामान लेने के बाद एक बार उन्हें पहन कर जांचना ज़रूरी हो जाता है और सब कुछ चेक करने के बाद हमने अपना सब सामान उठाया  और उनको पहनकर मुख्य स्थान पर पहुँच गये |

स्नो पार्क का आनद लेने के लिए हमें 45 मिनट का समय दिया गया था जिसमें से अतिरिक्त 15 मिनट अपने शरीर को यहाँ के वातावरण के अनुकूल करने के लिए दिए गये थे |

देखना न भूलें!

Snow Kingdom के अन्दर का माहौल

स्नो पार्क चेन्नई

भीतर का वातावरण आश्चर्यजनक रूप से ठंडा था और यहाँ आने के बाद हमें मिली हुई शीत रोधी वस्तुएँ नाकाफ़ी सी लगने लगीं  लगीं |

जब हमने  परिचायक से यहाँ के तापमान के बारे में पूछा तब उसने बताया कि स्नो पार्क में तापमान करीब −5 °C से  −8 °C के बीच रखा जाता है |

केवल यही सुनते ही मेरे दांत तो और भी किटकिटाने लगे |

यदि आपके साथ में छोटे बच्चे हैं तो यहाँ आने से पहले  कुछ गर्म कपड़े इन्हें पहनाना बहुत ही ज़रूरी है | 

यहाँ पर बच्चों और व्यस्कों के लिए अलग अलग स्लाइड्स थीं, और तो और इनको लुभाने के लिए इगलू, स्लेज, बर्फ में पाए जाने वाले जानवरों की मूर्तियाँ, कृत्रिम पहाड़ियाँ, बर्फ का किला, डांस फ्लोर, फिसलने का स्थान और रंग बिरंगी गेंदों की भी व्यवस्था थी |

4-6 परिचायक यहाँ वहाँ घूमते हुए सभी व्यक्तियों की सहायता भी कर रहे थे जो कि यहाँ के उत्तम कार्यप्रणाली का संकेत देती थी | 

Snow Kingdom Chennai में हमने क्या-क्या किया?

वीजीपी स्नो किंगडम चेन्नई

चेन्नई जैसे स्थान पर जहाँ लगभग हर समय गर्मी और उमस का माहौल रहता है वहां वीजीपी स्नो किंगडम पूरे परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक बेहतरीन स्थान है |

वैसे यहाँ पर हमसे अधिक तो हमारे सुपुत्र ने एन्जॉय किया |

कुछ 10 फुट ऊँचे स्थान से बर्फ की फ़िसलपट्टी पर एक रंगीन ट्यूब मे बैठकर, घूमते हुए तेजी से फिसलते हुए नीचे आना मेरे सुपुत्र के लिए एक अनोखा अनुभव था |

सबसे बड़ी बात यह थी कि इस दिन कोई भी वीकेंड या छुट्टी का दिन नहीं था और इसलिए भीड़ भाड़ बहुत कम थी |

यह हमारे लिए अच्छा ही था क्योंकि हमें सभी राइड्स और वस्तुएँ आसानी से मिल जा रही थीं जो किसी छुट्टी के दिन केवल लाइन  लगा के ही मिलती है | 

टोबोगनिंग, स्लेज में यात्रा, बर्फ के गोले फेकने से लेकर रॉक क्लाइम्बिंग तक हमने सब कुछ किया |

 कुछ ही समय में स्नो पार्क की  छत से बर्फ़बारी चालू हो गयी और इसके साथ ही यहाँ पर बना स्नो डिस्कोथेक जीवित हो गया |

अब क्या बच्चे क्या बड़े सभी इस बेहतरीन  समय का आनंद  लेने में व्यस्त थे और सभी बड़े जोशो खरोश में थे  |

अभी भी 10 मिनट बाकी थे पर हमें  तनिक ठंड का भी एहसास हो चला था सो हमने यहाँ से विदा लेने का सोचा |

क्या आप जानते हैं कि snow kingdom में बर्फ कैसे बनाते हैं?

snow park in chennai

 बाहर आकर हमने सभी सामान जमा किए और मद्रास कॉफ़ी हाउस में गर्मागर्म कॉफ़ी की चुस्कियाँ लेने बैठ गये |

“ये इतनी बरफ लाते कहाँ से हैं और ये बर्फ़बारी….जाने कैसे करते हैं”, श्रीमति जी ने प्रश्न का एक तीर मेरी ओर छोड़ा |

“ये सब विज्ञान की महिमा है”, मैने कहा और कॉफ़ी ख़त्म की, फिर आगे बोलना प्रारंभ किया|

स्नो पार्क के भीतर पूरे क्षेत्र की दीवारें तापवरोधक (इन्सुलेटेड) वस्तुओं से बनी है जिससे अंदर की ठंड बाहर ना जा सके और बाहर की गर्मी भीतर ना आ सके जैसा किसी रेफ्रिजरेटर मे होता है वैसा ही |

एयर कंडीशनर की तरह से ही कई सारे ब्लास्ट कूलर रहते हैं जो अंदर का तापमान -5 से -8 डिग्री सेंटीग्रेड रखते हैं |

ज़मीन पर पड़ी हुई मोटी बर्फ की परत के नीचे भी ग्लाइकॉल की ट्यूब रहती है जैसा पुराने रेफ्रिजरेटर के पीछे हुआ करता था और यह बर्फ का तापमान भी यथावत रखे हुए इसे ठोस अवस्था में रखता है |

अब बात आती है बर्फ बनाने की जिसके कई तरीके हैं पर अधिक गहराई में ना जाते हुए, यह पानी और हवा के मिश्रण से तैयार होती है|

केमिकल रहित शुद्ध पानी को ठंडे चिलर से गुज़रा जाता है फिर इस पानी को कंप्रेस्ड हवा के साथ मिश्रित करते हैं जिससे छोटे छोटे बर्फ के कणों  का निर्माण होने लगता है जिसे न्यूक्लीयेशन कहते हैं |

फिर इस मिश्रण को ठंडे वातावरण में नोज़ल के द्वारा गिराया जाता है और ज़मीन पर आते आते यह पूरी तरह से बर्फ में बदल जाता है|

मैने मुस्कुराते हुए अपनी कथा समाप्त की |

साढ़े सात हो चुके थे और दिन भर की थकान सर चढ़कर बोल रही थी |

मैंने ड्राईवर को को फोन किया और हम यहाँ से विदा हो लिए | 

VGP Snow Kingdom Chennai – बेहतरीन यात्रा टिप्स 

स्नो किंगडम चेन्नई

1. वी जी पी स्नो किंगडम ईस्ट कोस्ट रोड स्थित वी जी पी यूनिवर्सल  किंगडम के निकट ही है और चेन्नई के सभी हिस्सों से  जुड़ा हुआ है | यहाँ बस, टैक्सी, ऑटो द्वारा आसानी से पहुंचा जा सकता है | 

2. यह सुबह 10:00 से रात 08:00 बजे तक खुला रहता है और 07:00 बजे तक भीतर जाया जा सकता है |

3. छोटे बच्चों के लिए अलग से गर्म कपड़े ले जाने की सलाह दी जाती है ख़ास कर अन्दर के वस्त्र | 

4. कई बार टिकट के लिए लम्बी कतार हो जाती है इसलिए इनकी वेबसाइट से ऑनलाइन बुकिंग की सलाह दी जाती है |

5. तयं समय से लगभग 15 मिनट पहले यहाँ आना चाहिए ताकि हम लॉकर और गर्म कपड़े समय से ले सकें| 

6. क्लिक आर्ट, लाइव आर्ट और विंटेज कैमरा म्यूजियम जाना न भूलें | ये आस पास ही हैं और इनके कॉम्बो टिकट भी वेबसाइट से लिए जा सकते हैं |

7. स्नो पार्क के अलावा आप  शिरडी साईं बाबा मंदिर (2 कि. मी.), इस्कॉन  मंदिर (3 कि. मी.) और वीजीपी मरीन किंगडम (3 कि. मी.) भी देख सकते हैं |

और अंत में…

बर्फ भरे पहाड़ों को छोड़कर चेन्नई शहर के VGP snow kingdom में बर्फ़बारी का मज़ा लेना आपको ज़रूर पसंद आयेगा |

मुझे उम्मीद है कि मेरे इस चेन्नई यात्रावृतांत से आपको बहुत कुछ जानने और सीखने को मिला होगा |

यदि आप चेन्नई में स्थित इस बड़े स्नो पार्क की यात्रा करना चाहते हैं तब मेरे यह टिप्स आपके लिए बड़े काम के साबित होंगे |

मेरी यह कोशिश रहती है कि बड़ी ही सरल भाषा में आपको सभी जानकारी दी जाये जिसे आपको समझने में कोई परेशानी न हो | 

आप हमें कमेंट करें और बताएं यह जानकारी आपको कैसा लगी और आप चेन्नई के बारे में और क्या जानना चाहते हैं ?

हमें यह भी बताएं कि आप चेन्नई घूमें हैं कि नहीं और यहाँ कौन कौन से स्थान देख चुके हैं ?

इस उपयोगी जानकारी को अधिक से अधिक शेयर करें जिससे सभी लोग इसका लाभ ले सकें |

ऐसे ही यात्रावृतांत और ढेरों ट्रेवल टिप्स पाने के लिए यात्राग्राफ़ी को आज ही सब्सक्राइब करें |

शेयर करें!

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top