Last Updated on September 17, 2026 by अनुपम श्रीवास्तव
आईआरसीटीसी यूजर आईडी आपका लॉग इन नाम होता है जिसकी मदद से आप IRCTC की वेबसाइट या रेल कनेक्ट ऐप पर टिकट बुक कर सकते हैं।
नया अकाउंट बनाते समय यह यूजर आईडी आप खुद चुनते हैं और इसके साथ ही अपना पासवर्ड भी बनाते हैं।
हम में से अधिकतर लोग तो IRCTC की वेबसाइट से रिजर्वेशन करते ही होंगे, पर आज भी बहुत लोग यह जानना चाहते हैं कि नया यूजर आईडी कैसे बनाएं, इसमें क्या नाम डालें और अकाउंट को कैसे सत्यापित करें।
बहुत लोगों से बात करने के दौरान मुझे यह भी पता चला कि आज भी कई लोग ऑनलाइन रेल टिकट बुकिंग करना नहीं जानते हैं क्योंकि उन्होंने पहले कभी आई आर सी टी सी का इस्तेमाल ही नहीं किया।
पहले रेलवे रिजर्वेशन काउंटर पर घंटों लाइन में लगना पड़ता था या एजेंट को अधिक पैसे देने पड़ते थे पर अब टिकट बुक करना काफी आसान हो गया है।
इस लेख में हम नया IRCTC अकाउंट बनाना, मोबाइल और ईमेल सत्यापन, आधार से जुड़े जरूरी नियम और यूजर आईडी भूल जाने पर उसे वापस पाने का तरीका आसान भाषा में समझेंगे।
आईआरसीटीसी यूजर आईडी क्या होती है?
IRCTC का पूरा नाम Indian Railway Catering and Tourism Corporation है, जिसे हिंदी में भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम कहा जाता है।
इसकी वेबसाइट और आधिकारिक मोबाइल ऐप से रेल टिकट बुक करने के लिए सामान्य तौर पर आपको अपना अकाउंट बनाना होता है।
यूजर आईडी किसे कहते हैं?
इस अकाउंट का जो लॉग इन नाम आप बनाते हैं, वही आपकी यूजर आईडी होती है।
मान लीजिए आपका नाम अमित है तो आप अपने लिए ऐसा अलग और आसानी से याद रहने वाला नाम चुन सकते हैं जो उस समय उपलब्ध हो।
बाद में इसी यूजर आईडी और पासवर्ड से आपको अपने अकाउंट में लॉग इन करना होता है।
यूजर आईडी में क्या डालें?
बहुत लोग यहीं अटक जाते हैं कि यूजर आईडी में मोबाइल नंबर डालें, ईमेल डालें या अपना नाम?
सीधी बात यह है कि यहाँ आपको अपना एक अलग यूजर नेम बनाना है।
जैसे आपके नाम के अनुसार amitjourney, rahulrail27 या कोई दूसरा आसान नाम रखा जा सकता है।
ये केवल उदाहरण हैं और जरूरी नहीं कि ये यूजर आईडी अभी खाली ही हों।
कैसी यूजर आईडी रखें?
आप कोशिश करें कि आपकी यूजर आईडी ऐसी हो जिसे आप कुछ महीने बाद भी आसानी से याद रख सकें।
बहुत उलझा हुआ नाम, बिना मतलब के अक्षर या लगातार अंकों वाली आईडी रखने से बचें।
साथ ही मोबाइल नंबर, ईमेल और दूसरी जानकारी भी अपनी सही ही भरें।
IRCTC संदिग्ध या गलत जानकारी से बनाए गए खातों की जाँच भी करता है, इसलिए अपनी असली जानकारी के साथ सामान्य तरीके से अकाउंट बनाना ही बेहतर है।
रेल टिकट के लिए काम के टूल
| टूल | क्या काम आएगा |
|---|---|
| NOSB चेकर | बच्चे का टिकट लगेगा या नहीं |
| तत्काल समय चेकर | तत्काल कब खुलेगा |
| वेटिंग टिकट चेकर | WL/RAC में क्या करें |
| कैंसिलेशन-रिफंड चेकर | टिकट रद्द करने पर क्या कटेगा |
नया IRCTC अकाउंट बनाने से पहले क्या चाहिए?
आप नया अकाउंट बनाने से पहले कुछ चीजें अपने पास तैयार रखें।
इससे आपको बीच में रजिस्ट्रेशन रोककर जानकारी ढूँढने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
| क्या चाहिए | क्यों चाहिए |
|---|---|
| चालू मोबाइल नंबर | ओटीपी और अकाउंट सत्यापन के लिए |
| चालू ईमेल पता | ओटीपी और जरूरी सूचना पाने के लिए |
| पूरा सही नाम | आगे आधार सत्यापन के समय नाम मिलाने में आसानी रहे |
| याद रहने वाली यूजर आईडी | हर बार अकाउंट में लॉग इन करने के लिए |
| मजबूत पासवर्ड | अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए |
| आधार | सामान्य अकाउंट बनाने के लिए हर हालत में जरूरी नहीं, लेकिन कुछ बुकिंग सुविधाओं में इसकी जरूरत पड़ती है |
आधार को लेकर सबसे बड़ी गलतफहमी
कई लोगों को लगता है कि नया IRCTC अकाउंट बनाने के लिए आधार जोड़ना जरूरी है, जबकि ऐसा हर हालत में नहीं है।
सामान्य अकाउंट आप बिना आधार सत्यापन के भी बना सकते हैं। लेकिन ऑनलाइन तत्काल, प्रीमियम तत्काल और कुछ खास समय में टिकट बुक करने के लिए आधार से सत्यापित यूजर आईडी की जरूरत पड़ सकती है।
आगे हम इसे भी आसान तरीके से समझेंगे कि आधार कब जरूरी है और अपने IRCTC अकाउंट को आधार से कैसे सत्यापित करें।
IRCTC की वेबसाइट पर नया यूजर आईडी कैसे बनाएं?
आइए अब सीधे काम की बात करते हैं और वेबसाइट से नया अकाउंट बनाने का तरीका देखते हैं।
ध्यान दें, आईआरसीटीसी की वेबसाइट का रंग, डिजाइन या किसी बटन की जगह समय के साथ बदल सकता है, लेकिन नया अकाउंट बनाने की मुख्य प्रक्रिया लगभग यही रहती है।
स्टेप 1 : केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट खोलें
अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउज़र में यह वेबसाइट खोलें :
होम पेज खुलने के बाद Register या नया अकाउंट बनाने वाले विकल्प पर क्लिक करें।
किसी अनजान वेबसाइट पर जानकारी न भरें
गूगल पर खोज करते समय कई दूसरी वेबसाइट या विज्ञापन भी दिखाई दे सकते हैं।
इसलिए मोबाइल नंबर, ईमेल या दूसरी निजी जानकारी भरने से पहले यह जरूर देख लें कि वेबसाइट का पता irctc.co.in ही है।

स्टेप 2 : यूजर आईडी, पासवर्ड और जरूरी जानकारी भरें
नया रजिस्ट्रेशन पेज खुलने के बाद आपको सबसे पहले अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड बनाना है।
इसके साथ आपका पूरा नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल और कैप्चा भी भरना होता है।
पुराने रजिस्ट्रेशन में क्या बदला है?
पहले आईआरसीटीसी के रजिस्ट्रेशन में शुरुआत से ही पेशा, वैवाहिक स्थिति, सिक्योरिटी सवाल और पते जैसी कई जानकारियाँ भरनी पड़ती थीं।
मौजूदा सामान्य रजिस्ट्रेशन में शुरुआत वाला फॉर्म अब पहले से काफी छोटा है।
यूजर आईडी कैसे चुनें?
ऐसी यूजर आईडी रखें जो आपको आसानी से याद रहे।
बहुत उलझा हुआ नाम रखने पर कुछ महीनों बाद खुद आपको ही याद नहीं रहेगा कि आपने क्या बनाया था।
नाम सही-सही भरें
अपना पूरा नाम वही भरें जो आपके जरूरी पहचान पत्रों में लिखा है।
अगर आगे चलकर अकाउंट को आधार से सत्यापित करना हो तो नाम, जन्मतिथि और लिंग की सही जानकारी काफी काम आती है।
पासवर्ड बनाते समय ध्यान दें
पासवर्ड बनाते समय उसी पेज पर दिखाई दे रहे नियमों को जरूर पढ़ें।
ऐसा पासवर्ड न रखें जिसका कोई आसानी से अंदाजा लगा सके। उदाहरण के लिए केवल अपना नाम या मोबाइल नंबर पासवर्ड के रूप में रखना ठीक नहीं है।

स्टेप 3 : मोबाइल और ईमेल दोनों का ओटीपी जाँचें
सभी जरूरी जानकारी भरने के बाद फॉर्म जमा करें।
आईआरसीटीसी आपके दिए हुए मोबाइल नंबर और ईमेल पर सत्यापन के लिए ओटीपी भेजेगा।
मोबाइल और ईमेल दोनों पर आये ओटीपी को सही जगह भरकर अपना अकाउंट सत्यापित करें।

ईमेल पर ओटीपी न मिले तो क्या करें?
कई बार ईमेल का ओटीपी मुख्य इनबॉक्स में दिखाई नहीं देता।
ऐसी स्थिति में एक बार Spam या Junk फोल्डर भी देख लें।
ओटीपी तुरंत न आये तो कुछ देर रुककर Resend OTP का विकल्प इस्तेमाल कर सकते हैं।
बार-बार ओटीपी न मंगाएं
अगर ओटीपी आने में थोड़ी देर हो रही है तो लगातार बटन दबाने के बजाय कुछ समय रुकना बेहतर है।
जरूरत पड़े तो पेज को दोबारा खोलकर फिर कोशिश करें।
स्टेप 4 : लॉग इन करके बाकी जानकारी पूरी करें
मोबाइल और ईमेल का सत्यापन पूरा होने के बाद अपने यूजर आईडी और पासवर्ड से आईआरसीटीसी में लॉग इन करें।
इसके बाद आपको अपनी बाकी प्रोफाइल पूरी करनी होती है।
अब कौन-कौन सी जानकारी भरनी होती है?
मौजूदा आईआरसीटीसी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में इस चरण पर लिंग, जन्मतिथि और पते जैसी बाकी जानकारी मांगी जाती है।
इन जानकारियों को जल्दी में भरने के बजाय एक बार जांचकर ही जमा करें।
मोबाइल नंबर जरूर जांच लें
यहीं पर अपना मोबाइल नंबर और ईमेल भी एक बार फिर देख लें।
अगर आपने कोई पुराना या गलत नंबर डाल दिया तो बाद में ओटीपी मिलने, अकाउंट वापस पाने या आधार सत्यापन में परेशानी हो सकती है।
नाम और जन्मतिथि भी सही रखें
अगर आगे आधार से अकाउंट सत्यापित करना है तो नाम, जन्मतिथि और लिंग की जानकारी सही होना जरूरी है।
इसलिए केवल फॉर्म पूरा करने के लिए अंदाजे से कोई जानकारी न भरें।
इसके बाद आपका नया आईआरसीटीसी अकाउंट इस्तेमाल करने के लिए तैयार हो जाता है और आप अपने यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉग इन कर ऑनलाइन रेल टिकट बुक कर सकते हैं।
IRCTC अकाउंट Verify हुआ या नहीं, कैसे पता करें?
देखिये अकाउंट बन जाना और अकाउंट पूरी तरह सत्यापित यानि वेरीफाई होना दो अलग बातें हैं।
IRCTC पर नया यूजर आईडी बनाने के बाद आपके मोबाइल और ईमेल दोनों पर ओटीपी भेजा जाता है।
दोनों ओटीपी सही डालने के बाद आपका अकाउंट Verify हो जाता है।
इसे आप इस तरह समझ सकते हैं :-
आपका यूजर आईडी और पासवर्ड काम कर रहा हो।
ईमेल पर आया ओटीपी सफलतापूर्वक Verify हो चुका हो।
मोबाइल पर आया ओटीपी भी Verify हो चुका हो।
- लॉग इन करके बाकी प्रोफाइल जानकारी पूरी हो गयी हो।
इसके बाद आप अपने यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉग इन कर सकते हैं।
अगर सही यूजर आईडी और पासवर्ड डालने के बाद भी मोबाइल या ईमेल Verify करने को कहा जा रहा है तो पहले यह देखें कि अकाउंट में दर्ज मोबाइल नंबर और ईमेल अभी चालू हैं या नहीं।
कई बार पुराना मोबाइल नंबर बंद हो जाता है या पुरानी ईमेल आईडी का पासवर्ड ही याद नहीं रहता। ऐसी स्थिति में परेशानी यूजर आईडी की नहीं बल्कि उस मोबाइल या ईमेल की होती है जिस पर ओटीपी भेजा जा रहा है।
अगर आपके साथ भी ऐसा है तो आगे दिया गया “पुराना मोबाइल नंबर या ईमेल बंद हो गया तो क्या करें?” वाला हिस्सा जरूर पढ़ें।
IRCTC रेल कनेक्ट ऐप से नया यूजर आईडी कैसे बनायें?

आजकल मोबाइल से सुविधाजनक शायद ही कुछ हो क्योंकि यह हर समय हमारे पास रहता है।
आईआरसीटीसी रेल कनेक्ट अभी भी आईआरसीटीसी का आधिकारिक ऐप है और इससे आरक्षित रेल टिकट बुक किये जा सकते हैं।
अगर आप मोबाइल से नया आईआरसीटीसी अकाउंट बनाना चाहते हैं तो इसकी प्रक्रिया भी काफी आसान है।
गूगल प्ले स्टोर या ऐपल ऐप स्टोर से केवल आधिकारिक IRCTC Rail Connect ऐप डाउनलोड करें।
ऐप खोलकर साइन इन वाले पेज पर नया यूजर रजिस्टर करने का विकल्प चुनें।
अपना नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल, नया यूजर आईडी और पासवर्ड सही-सही भरें।
मोबाइल और ईमेल पर आये ओटीपी डालकर अकाउंट Verify करें।
पहली बार लॉग इन करने पर ऐप आपसे चार अंकों का पिन बनाने को कह सकता है। चाहें तो बायोमेट्रिक लॉग इन भी चालू कर सकते हैं।
चार अंकों के पिन का फायदा यह है कि हर बार ऐप खोलते समय पूरा यूजर आईडी और पासवर्ड डालने की जरूरत नहीं पड़ती।
देखिये ऐप का रूप समय-समय पर बदलता रहता है, इसलिए आपके मोबाइल में किसी बटन की जगह थोड़ी अलग दिखाई दे तो परेशान न हों।
उसका काम लगभग वही रहता है।
RailOne और Rail Connect में क्या फर्क है?
रेलवन भारतीय रेलवे का नया एकीकृत ऐप है जिसमें आरक्षित और अनारक्षित टिकट के साथ प्लेटफॉर्म टिकट, पीएनआर, ट्रेन की जानकारी और रेल मदद जैसी कई सुविधाएँ एक ही जगह मिलती हैं।
अगर आपके पास पहले से IRCTC Rail Connect या UTS का लॉग इन है तो रेलवन में भी पुराने लॉग इन की सुविधा दी गयी है।
अब सवाल आता है कि जब रेलवन आ गया है तो रेल कनेक्ट का क्या होगा?
आईआरसीटीसी रेल कनेक्ट अभी भी आईआरसीटीसी का आधिकारिक ऐप है और उससे आरक्षित टिकट बुक किये जा सकते हैं।
रेलवन में भी आरक्षित टिकट बुकिंग की सुविधा मौजूद है।
इस लेख में नया आईआरसीटीसी यूजर आईडी बनाने और अकाउंट से जुड़ी परेशानी ठीक करने के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट और रेल कनेक्ट को मुख्य रखा गया है।
सीधी बात यह है कि आपका आईआरसीटीसी यूजर आईडी वही रहता है और अलग-अलग रेलवे ऐप आने का मतलब यह नहीं है कि आपको हर बार नया आईआरसीटीसी अकाउंट बनाना पड़ेगा।
क्या IRCTC User ID बनाने के लिए आधार जरूरी है?
इस सवाल का सीधा जवाब है कि सामान्य IRCTC अकाउंट बनाने के लिए आधार जरूरी नहीं है और इसके लिए आपका चालू मोबाइल नंबर और ईमेल पता होना जरूरी है।
लेकिन अब कुछ खास तरह की ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए आपका IRCTC अकाउंट आधार से सत्यापित होना चाहिए।
| आप क्या करना चाहते हैं? | आधार की जरूरत |
|---|---|
| नया IRCTC अकाउंट बनाना | केवल अकाउंट बनाने के लिए आधार जरूरी नहीं है |
| सामान्य टिकट बुक करना | सामान्य समय में बिना आधार सत्यापन के भी टिकट बुक कर सकते हैं |
| तत्काल / प्रीमियम तत्काल टिकट | 1 जुलाई 2025 से आधार से सत्यापित IRCTC अकाउंट जरूरी है |
| तत्काल टिकट का सत्यापन | 15 जुलाई 2025 से आधार से जुड़े मोबाइल पर ओटीपी भी आता है |
| सामान्य आरक्षण खुलने के पहले 15 मिनट | 1 अक्टूबर 2025 से इस समय केवल आधार से सत्यापित यूजर ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं |
| महीने में 12 टिकट तक | आधार सत्यापन के बिना भी यह सुविधा मिलती है |
| महीने में 12 से अधिक और 24 टिकट तक | आपका IRCTC अकाउंट आधार से सत्यापित होना चाहिए और टिकट में कम से कम एक यात्री भी आधार से सत्यापित होना चाहिए |
मान लीजिए आपको अगले महीने की कोई सामान्य ट्रेन टिकट बुक करनी है और आरक्षण खुलने के शुरुआती 15 मिनट निकल चुके हैं, तब केवल टिकट बुक करने के लिए आधार सत्यापन जरूरी नहीं है।
लेकिन अगर आपको तत्काल टिकट बुक करना है तो आपका IRCTC अकाउंट पहले से आधार से सत्यापित होना जरूरी है।
आधार नहीं जोड़ा तो क्या IRCTC अकाउंट बंद हो जाएगा?
नहीं। सिर्फ आधार नहीं जोड़ने के कारण आपका IRCTC अकाउंट बंद नहीं होता।
रेल मंत्रालय ने मार्च 2026 में भी साफ किया है कि केवल आधार नहीं जोड़ने की वजह से किसी यूजर का अकाउंट बंद नहीं किया गया है।
इसलिए आधार को अकाउंट बनाने की मजबूरी न समझें।
इसकी जरूरत मुख्य रूप से तत्काल टिकट, आरक्षण खुलने के शुरुआती 15 मिनट और महीने में 12 से ज्यादा टिकट बुक करने जैसी सुविधाओं में पड़ती है।
IRCTC अकाउंट को आधार से कैसे वेरीफाई करें?
अगर आपका आईआरसीटीसी अकाउंट पहले से बना हुआ है तो उसे आधार से सत्यापित करना काफी आसान है।
सबसे पहले आईआरसीटीसी वेबसाइट या Rail Connect ऐप में अपने अकाउंट से लॉग इन करें।
वेबसाइट में My Account → Authenticate User और ऐप में Account → Authenticate User पर जाएँ।
यहाँ Aadhaar Card / VID का विकल्प चुनें और अपना आधार नंबर या वर्चुअल आईडी भरें।
स्क्रीन पर आपका नाम, जन्मतिथि और लिंग दिखाई देगा। इन तीनों को अपने नवीनतम आधार से अच्छी तरह मिला लें।
इसके बाद जानकारी जाँचकर ओटीपी पाने वाले विकल्प पर क्लिक करें।
ओटीपी उसी मोबाइल नंबर पर आएगा जो आपके आधार से जुड़ा हुआ है।
ओटीपी भरकर सहमति दें और सत्यापन पूरा करें।
सत्यापन पूरा होने के बाद Rail Connect ऐप में आपके नाम के पास हरे रंग का निशान दिखाई देता है।

नाम, जन्मतिथि या लिंग आधार से नहीं मिल रहा तो?
यह परेशानी कई लोगों के साथ आती है। जैसे आपके आईआरसीटीसी अकाउंट में नाम Vivek Srivastava है लेकिन आधार में Vivek Kumar Srivastava लिखा है तो सत्यापन रुक सकता है।
अच्छी बात यह है कि आधार से सत्यापन करने से पहले आईआरसीटीसी प्रोफाइल में नाम, जन्मतिथि और लिंग को सही किया जा सकता है।
Rail Connect ऐप में इसके लिए Account → My Profile → Edit पर जाएँ और अपनी जानकारी नवीनतम आधार के अनुसार भरें।
ध्यान रखें कि आईआरसीटीसी की मौजूदा गाइड के अनुसार आधार सत्यापन पूरा होने के बाद नाम, जन्मतिथि और लिंग बदलने का विकल्प नहीं रहता।
इसलिए ओटीपी डालने से पहले इन तीनों जानकारियों को एक बार ध्यान से जरूर जाँच लें।
तत्काल टिकट के लिए क्या हर यात्री का आधार जरूरी है?
नहीं, इस बात को लेकर अक्सर भ्रम होता है।
1 जुलाई 2025 से आईआरसीटीसी वेबसाइट और ऐप पर ऑनलाइन तत्काल और प्रीमियम तत्काल टिकट वही यूजर बुक कर सकता है जिसका आईआरसीटीसी अकाउंट आधार से सत्यापित है।
इसके बाद 15 जुलाई 2025 से ऑनलाइन तत्काल बुकिंग में आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी सत्यापन भी जरूरी किया गया।
लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि तत्काल टिकट में यात्रा करने वाले हर व्यक्ति का आधार आईआरसीटीसी में सत्यापित होना जरूरी है।
उदाहरण के लिए आपका आईआरसीटीसी अकाउंट आधार से सत्यापित है और आप अपने परिवार के चार लोगों के लिए तत्काल टिकट बुक कर रहे हैं, तो केवल इस तत्काल नियम के कारण चारों यात्रियों का आधार सत्यापित होना जरूरी नहीं बताया गया है।
फिर यात्री का आधार कब जरूरी होता है?
यह एक अलग नियम है जिसे तत्काल वाले नियम से नहीं मिलाना चाहिए।
अगर आप एक महीने में 12 टिकट तक बुक करते हैं तो इस सीमा के लिए आधार सत्यापन जरूरी नहीं है।
लेकिन अगर आपको महीने में 12 से अधिक और अधिकतम 24 टिकट बुक करने हैं तो आपका आईआरसीटीसी अकाउंट आधार से सत्यापित होना चाहिए।
इसके साथ 12 से अधिक वाली बुकिंग में टिकट पर यात्रा करने वाले कम से कम एक यात्री का आधार भी सत्यापित होना चाहिए।
ऐसे यात्री को पहले अपनी Master List में जोड़कर आधार से सत्यापित करना होता है और टिकट बुक करते समय उसी सूची से चुनना होता है।
इसलिए इन दोनों नियमों को अलग-अलग समझें—
तत्काल टिकट: टिकट बुक करने वाली आईआरसीटीसी यूजर आईडी का आधार सत्यापित होना जरूरी है।
महीने में 12 से अधिक टिकट: यूजर के साथ टिकट में शामिल कम से कम एक यात्री का भी आधार सत्यापित होना जरूरी है।
IRCTC यूजर आईडी भूल गए तो कैसे पता करें?
पुराने अकाउंट की सबसे आम परेशानी यही है कि मोबाइल नंबर और ईमेल तो याद है लेकिन यूजर आईडी याद नहीं है।
रेल कनेक्ट ऐप के लॉग इन पेज पर “Forgot Account Details?” का विकल्प दिया गया है।
इसकी मदद से भूली हुई यूजर आईडी पता करने या पासवर्ड बदलने की कोशिश की जा सकती है।
यूजर आईडी या ईमेल से अकाउंट वापस पाएं
रिकवरी पेज पर यूजर नेम, ईमेल या मोबाइल नंबर डालने का विकल्प दिखाई देता है।
अगर आपको यूजर आईडी याद है तो इसकी मदद से पासवर्ड बदला जा सकता है। वहीं ईमेल की मदद से यूजर आईडी पता करने के साथ नया पासवर्ड भी बनाया जा सकता है।
इसके बाद आपके पंजीकृत मोबाइल या ईमेल पर ओटीपी आता है।
ओटीपी डालने के बाद नया पासवर्ड बनाने का विकल्प मिलता है।
क्या केवल मोबाइल नंबर से यूजर आईडी मिल सकती है?
मौजूदा रेल कनेक्ट ऐप के रिकवरी पेज पर मोबाइल नंबर डालने का विकल्प भी दिखाई देता है।
लेकिन IRCTC की आधिकारिक गाइड में यूजर नेम और ईमेल वाले तरीके को ही साफ-साफ समझाया गया है।
इसलिए मोबाइल नंबर वाला विकल्प स्क्रीन पर दिखे तो उसे आजमा सकते हैं, लेकिन इसे हर अकाउंट में काम करने वाला पक्का तरीका न मानें।
पुराना मोबाइल नंबर या ईमेल बंद हो गया है तो क्या करें?
पुराने आईआरसीटीसी अकाउंट में यह परेशानी काफी मुश्किल हो सकती है।
मान लीजिए आपकी यूजर आईडी और पासवर्ड दोनों सही हैं, लेकिन अकाउंट दस साल पुराने मोबाइल नंबर से जुड़ा है।
लॉग इन करते समय ओटीपी उसी पुराने नंबर पर जा रहा है तो सही पासवर्ड होने के बाद भी आप आगे नहीं बढ़ पाएंगे।
पहले यह तरीका आजमाएं
सबसे पहले Forgot Account Details? वाला विकल्प आजमाएं।
अगर वहाँ भी पुराने मोबाइल नंबर या ईमेल पर ही ओटीपी जा रहा है और आप अकाउंट के अंदर नहीं पहुंच पा रहे हैं तो बार-बार नया अकाउंट बनाने की कोशिश न करें।
IRCTC eQuery पर अपनी परेशानी साफ-साफ लिखकर शिकायत दर्ज करें।
IRCTC सहायता: https://equery.irctc.co.in/
फोन: 14646
शिकायत में अपनी यूजर आईडी, पुराना मोबाइल या ईमेल और नया मोबाइल नंबर जैसी जरूरी जानकारी दें।
आप कोई पहचान संबंधी दस्तावेज तभी भेजें जब आधिकारिक सहायता की ओर से माँगा जाए।
कुछ लोगों ने मुझे बताया कि eQuery में पुराना नंबर, नया नंबर और अपनी यूजर आईडी साफ लिखने के बाद उनकी समस्या हल हुई।
लेकिन हर मामले में इतना ही समय लगे या समाधान मिल ही जाए, ऐसा मानकर न चलें।
अगर पहली शिकायत बंद हो जाए और परेशानी बनी रहे तो उसी समस्या की पूरी जानकारी के साथ दोबारा सहायता लें।
eQuery से भी समाधान न मिले तो?
अगर IRCTC eQuery और ग्राहक सहायता से कई कोशिशों के बाद भी आपकी सही शिकायत हल नहीं होती है, तो भारत सरकार के CPGRAMS पोर्टल पर शिकायत दर्ज की जा सकती है।
यह सभी सरकारी विभागों से जुड़ा सार्वजनिक शिकायत पोर्टल है। इसे IRCTC सहायता का पहला रास्ता न मानें, बल्कि सामान्य सहायता से समाधान न मिलने पर आगे की शिकायत के लिए इस्तेमाल करें।
सरकारी शिकायत पोर्टल: https://pgportal.gov.in/
शिकायत करते समय पुरानी eQuery संख्या, तारीख और अब तक मिले जवाब की जानकारी साथ रखें। इससे आपकी परेशानी समझने में आसानी होगी।
मोबाइल नंबर पहले से रजिस्टर्ड दिख रहा है, जबकि अकाउंट आपका नहीं है
कई बार नया सिम लेने के बाद भी IRCTC पर मोबाइल नंबर पहले से रजिस्टर्ड दिखाई दे सकता है।
ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि यह नंबर पहले किसी और व्यक्ति के पास रहा हो और उसने अपने पुराने IRCTC अकाउंट में यही नंबर दिया हो।
इस तरह की शिकायतें अभी भी देखने को मिल रही हैं।
ऐसी हालत में बार-बार नया अकाउंट बनाने की कोशिश न करें।
IRCTC के नियम के अनुसार एक व्यक्ति को एक ही यूजर आईडी रखनी चाहिए और एक से ज्यादा अकाउंट बनाने पर यूजर आईडी बंद भी की जा सकती है।
ई-क्वेरी में साफ लिखें कि यह मोबाइल नंबर आपको नया मिला है लेकिन IRCTC पर किसी पुराने अकाउंट से जुड़ा हुआ दिख रहा है।
अगर सहायता केंद्र आपसे नंबर के मालिक होने का कोई प्रमाण माँगे तो वह केवल IRCTC की आधिकारिक सहायता सेवा को ही दें।
आधार पुरानी या बंद यूजर आईडी से जुड़ा है, अब क्या करें?
यह परेशानी भी अब कई लोगों के सामने आ रही है।
मान लीजिए आपका बहुत पुराना IRCTC अकाउंट था और उसमें आधार सत्यापित था और बाद में वह अकाउंट बंद हो गया या आप उसका इस्तेमाल करना छोड़ चुके हैं।
अब नई यूजर आईडी में वही आधार जोड़ने पर रुकावट आ सकती है। हाल के यूज़र अनुभवों में ऐसे मामले मिले हैं।
मुझे IRCTC की मौजूदा आधिकारिक जानकारी में ऐसा कोई साफ तरीका नहीं मिला जिससे पुराने अकाउंट में लॉग इन किए बिना आप खुद आधार को वहाँ से अलग कर सकें।
इसलिए किसी वीडियो में बताई गयी “छिपी ट्रिक” पर भरोसा करने के बजाय पुराने अकाउंट को वापस पाने की कोशिश करें या ई-क्वेरी में शिकायत दर्ज करें।
अगर पुराना अकाउंट अस्थायी रूप से बंद है तो उसे दोबारा चालू कराने का अनुरोध करना एक नए अकाउंट बनाने से बेहतर रहेगा।
IRCTC यूजर आईडी बंद या अस्थायी रूप से बंद हो गयी तो?
अगर लॉग इन करते समय “यूजर आईडी बंद”, “अस्थायी रूप से बंद” या कोई दूसरा कारण दिखाई दे तो पहले यह न मानें कि आधार न जोड़ने की वजह से अकाउंट बंद हुआ है।
रेल मंत्रालय ने मार्च 2026 में साफ बताया था कि केवल आधार न जोड़ने के कारण किसी यूजर अकाउंट को बंद नहीं किया गया।
IRCTC नकली या संदिग्ध अकाउंट पहचानने के लिए गलत मोबाइल नंबर, कुछ अस्थायी ईमेल पते, आईपी पता, लगातार क्रम में बनी यूजर आईडी और बिना मतलब वाले नाम जैसी कई बातों को देखता है।
2025 में बड़ी संख्या में ऐसे अकाउंट बंद या अस्थायी रूप से रोके गये थे वहीँ सही पाए गये कई अकाउंट जाँच के बाद दोबारा चालू भी किये गये।
ऐसी हालत में ई-क्वेरी में अपनी यूजर आईडी और दिखाई दे रहे संदेश का स्क्रीनशॉट लगाएँ।
एक ही परेशानी के लिए बार-बार नई शिकायत बनाने के बजाय पहली शिकायत संख्या संभालकर रखें और उसी पर आगे संपर्क करना ज्यादा अच्छा रहेगा।
बिना माँगे ओटीपी या ईमेल बदलने का संदेश आये तो क्या करें?
अगर आपने खुद कोई बदलाव नहीं किया है और फिर भी IRCTC का ओटीपी, ईमेल बदलने का संदेश या लॉग इन से जुड़ा संदेश आने लगे तो उसे हल्के में न लें।
ऐसे मामले हाल में कई यूज़र्स ने भी बताए हैं।
देखिये आप ओटीपी किसी को न बतायें और संदेश में आये किसी अनजान लिंक से ऐप डाउनलोड न करें।
IRCTC ने भी नकली Rail Connect ऐप और फर्जी लिंक भेजकर लोगों को ठगने के बारे में चेतावनी दी है।
इसलिए ऐप केवल आधिकारिक प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ही लें।
अगर अकाउंट खुल रहा है तो पासवर्ड बदल दें।
अगर अकाउंट में लॉग इन नहीं हो पा रहा है तो आये हुए संदेशों का स्क्रीनशॉट रखें और ई-क्वेरी में सुरक्षा से जुड़ी शिकायत दर्ज करें।
ओटीपी नहीं आ रहा या ओटीपी की सीमा खत्म हो गयी तो?
कई लोगों की शिकायत है कि मोबाइल पर ओटीपी आ जाता है लेकिन ईमेल पर नहीं आता, या दोनों में से किसी एक में काफी देर लग जाती है।
सबसे पहले ईमेल का Spam या Junk फोल्डर देखें और यह भी जाँच लें कि अकाउंट में मोबाइल नंबर और ईमेल सही हैं।
एक-दो मिनट में बार-बार “ओटीपी दोबारा भेजें” दबाना ठीक नहीं है।
हाल के कुछ मामलों में बार-बार कोशिश करने के बाद रोज की ओटीपी सीमा पूरी होने का संदेश भी मिला है।
कुछ लोगों को ऐप अपडेट करने या रेलवन में लॉग इन करके सत्यापन पूरा करने से फायदा मिला है, लेकिन इसे हर मामले का पक्का इलाज न मानें।
अगर परेशानी बनी रहे तो ई-क्वेरी में शिकायत करें।
मेरी सलाह है कि तत्काल टिकट खुलने से कुछ मिनट पहले पहली बार अकाउंट सत्यापित करने न बैठें।
यात्रा से पहले ही एक बार लॉग इन करके देख लें कि अकाउंट ठीक से खुल रहा है।
आधार सत्यापित है फिर भी तत्काल में “पहले सत्यापित करें” क्यों दिख रहा है?
कभी-कभी यूजर को लगता है कि आधार जुड़ा हुआ है लेकिन IRCTC पर पूरा आधार सत्यापन नहीं हुआ होता।
सबसे पहले My Account → Authenticate User में जाकर देखें कि आपके नाम के पास हरा निशान दिखाई दे रहा है या नहीं।
IRCTC के अनुसार सफल आधार सत्यापन के बाद यह निशान दिखाई देता है।
इसके बाद अपना नाम, जन्मतिथि और लिंग आधार में दी गयी जानकारी से मिला लें।
सफल सत्यापन के बाद एक बार लॉग आउट करके दोबारा लॉग इन करना भी ठीक रहेगा।
अगर हरा निशान साफ दिखाई दे रहा है और फिर भी तत्काल बुकिंग में बार-बार सत्यापन का संदेश आ रहा है तो नया अकाउंट बनाने या आधार को बार-बार जोड़ने की कोशिश न करें।
स्क्रीनशॉट लेकर ई-क्वेरी में तकनीकी शिकायत दर्ज करें।
क्या एक ही व्यक्ति दो IRCTC यूजर आईडी बना सकता है?
नहीं, IRCTC के नियम के अनुसार एक व्यक्ति को एक ही यूजर आईडी रखनी चाहिए।
अगर कोई व्यक्ति एक से ज्यादा यूजर आईडी बनाता है और उनका इस्तेमाल टिकट बुक करने के लिए करता है तो IRCTC ऐसे अकाउंट बंद कर सकता है।
इसलिए पुराना मोबाइल नंबर बंद हो गया, पासवर्ड भूल गये या पुरानी यूजर आईडी याद नहीं आ रही तो पहला उपाय नया अकाउंट बनाना नहीं होना चाहिए।
पहले पुराने अकाउंट को वापस पाने की कोशिश करें।
यह थोड़ा झंझट वाला काम लग सकता है, लेकिन बाद में मोबाइल नंबर या आधार पुराने अकाउंट में फँस जाने से यह परेशानी और बढ़ सकती है।
रेलवन या रेल कनेक्ट — किसका इस्तेमाल करें?
अब भारतीय रेलवे के पास RailOne नाम का एक नया ऐप भी है जिसमें आरक्षित टिकट, अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, पीएनआर, ट्रेन की जानकारी और रेल मदद जैसी कई सुविधाएँ एक ही जगह मिलती हैं।
रेलवे ने इसे 1 जुलाई 2025 को शुरू किया था।
वहीं IRCTC Rail Connect आज भी IRCTC का आधिकारिक आरक्षित टिकट बुकिंग ऐप है और सितंबर 2026 में भी इसे अपडेट किया गया है।
अगर आपका मुख्य काम नया IRCTC यूजर आईडी बनाना, अपनी प्रोफाइल देखना या रेल टिकट बुक करना है तो IRCTC की वेबसाइट या Rail Connect सबसे सीधा रास्ता है।
RailOne में कई रेलवे सेवाएँ एक जगह मिलने का फायदा जरूर है।
कुछ जरूरी सवाल

क्या सामान्य IRCTC रजिस्ट्रेशन के पैसे लगते हैं?
नहीं, सामान्य व्यक्तिगत IRCTC अकाउंट बनाना बिलकुल मुफ्त है।
इसलिए किसी अनजान वेबसाइट या व्यक्ति को “IRCTC अकाउंट बनाने की फीस” देने से पहले सावधान रहें। टिकट बुक करते समय लगने वाला शुल्क अलग बात है, लेकिन नया अकाउंट बनाने की कोई रजिस्ट्रेशन फीस नहीं है।
क्या यूजर आईडी बाद में बदल सकते हैं?
नहीं, एक बार IRCTC यूजर आईडी बन जाने के बाद उसे बदला नहीं जा सकता।
इसलिए शुरुआत में ऐसा यूजर नाम रखें जो आपको आसानी से याद रहे। बहुत उलझा हुआ नाम रखने से कुछ साल बाद खुद आपको ही परेशानी हो सकती है।
क्या आधार लिंक नहीं किया तो अकाउंट बंद हो जाएगा?
नहीं। केवल आधार नहीं जोड़ने के कारण IRCTC अकाउंट बंद नहीं किया जाता।
रेल मंत्रालय भी यह बात साफ कर चुका है। हाँ, तत्काल टिकट जैसी कुछ सुविधाओं के लिए अब आधार सत्यापन जरूरी हो गया है।
क्या हर तत्काल यात्री का आधार सत्यापित होना चाहिए?
ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक करने वाले IRCTC यूजर का आधार सत्यापित होना जरूरी है।
लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि टिकट में शामिल हर यात्री का आधार सत्यापन होना ही चाहिए।
महीने में 12 से ज्यादा टिकट बुक करने का नियम अलग है। ऐसी अतिरिक्त बुकिंग में कम से कम एक यात्री का आधार भी सत्यापित होना चाहिए।
क्या ईमेल और मोबाइल दोनों चालू रखना जरूरी है?
नया IRCTC अकाउंट बनाते समय सही मोबाइल नंबर और ईमेल दोनों देना जरूरी है क्योंकि इनका सत्यापन किया जाता है।
बाद में अकाउंट भूल जाने या ओटीपी की जरूरत पड़ने पर भी यही जानकारी आपके काम आती है।
इसलिए ऐसा मोबाइल नंबर या ईमेल न दें जिसे आप कुछ दिन बाद इस्तेमाल ही न करें।
क्या मैं पुराना अकाउंट छोड़कर नया अकाउंट बना लूँ?
पहले अपने पुराने अकाउंट को वापस पाने की कोशिश करें।
IRCTC की शर्तों के अनुसार एक व्यक्ति को एक ही यूजर आईडी रखनी चाहिए। एक से ज्यादा आईडी बनाने पर अकाउंट पर कार्रवाई हो सकती है।
अगर पुरानी आईडी याद नहीं है तो “Forgot Account Details” या IRCTC ई-क्वेरी की मदद लें।
और अंत में …
ऑनलाइन रेल टिकट बुक करने के लिए आपने इस बातचीत में यह जाना कि नया आईआरसीटीसी अकाउंट कैसे बनाएं (irctc id kaise banaye)?
अब अकाउंट बनाते समय सही मोबाइल नंबर और ईमेल देना, अपनी यूजर आईडी याद रखना और जरूरत हो तो पहले से आधार सत्यापन पूरा करना भी उतना ही जरूरी है।
अगर आप तत्काल टिकट बुक करते हैं तो यात्रा के दिन तक इंतजार न करें। एक-दो दिन पहले ही लॉग इन करके अपना अकाउंट और आधार की स्थिति देख लें।
मान लीजिए सुबह 10 बजे तत्काल टिकट बुक करना है और उसी समय पता चले कि आधार सत्यापन बाकी है या मोबाइल पर ओटीपी नहीं आ रहा है, तब आपकी सीट निकल सकती है।
अगर आपकी परेशानी इस लेख में भी नहीं सुलझी हो तो IRCTC ई-क्वेरी में जो त्रुटि संदेश दिखाई दे रहा है, उसकी सही जानकारी और स्क्रीनशॉट के साथ शिकायत करें।
अनुमान से नया अकाउंट बनाना या एक ही आधार को अलग-अलग यूजर आईडी से जोड़ने की कोशिश करना बाद में आपकी परेशानी बढ़ा सकता है।
हमें कमेंट कर बताएं कि आपको यह बातचीत कैसी लगी और आप रेलवे टिकट बुकिंग से सम्बंधित और क्या जानकारी चाहते हैं |
अस्वीकरण: यह जानकारी केवल शैक्षिक उद्देश्य के लिए दी गयी है। YatraGraphy का भारतीय रेलवे या IRCTC से कोई आधिकारिक सम्बन्ध नहीं है। IRCTC के नियम और वेबसाइट की स्क्रीन समय के साथ बदल सकती हैं, इसलिए अकाउंट या टिकट बुकिंग से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण बदलाव करने से पहले मौजूदा आधिकारिक जानकारी भी जरूर जाँच लें।
आधिकारिक स्रोत
• IRCTC — Normal User Registration
• IRCTC — रेल कनेक्ट User Guide
• IRCTC — आधार सत्यापन Guide
• IRCTC — Ticket limit / आधार guidance
• IRCTC — संपर्क / eQuery जानकारी
• IRCTC eQuery
• रेल मंत्रालय — तत्काल आधार नियमs
• रेल मंत्रालय — सामान्य आरक्षण first 15 minutes
• रेल मंत्रालय — अकाउंट अकाउंट बंद होना/reचालूation clarification
• रेल मंत्रालय — नई IRCTC वेबसाइट beta
• CPGRAMS grievance portal




